प्रचार तंत्र: अंदाज अपना-अपना
परदे के पीछे - जयप्रकाश चौकसे
अवाम के अच्छे दिन आएं या ना आएं परंतु मनोरंजन जगत के बॉक्स ऑफिस दिन आने वाले हैं। ईद पर सलमान खान की 'किक', दीवाली पर शाहरुख खान की 'हैप्पी न्यू इयर' और आमिर खान की राजकुमार हीरानी निर्देशित 'पीके' क्रिसमस पर आने वाली है।
इन लोकप्रिय फिल्मों के प्रदर्शन से सिनेमा मालिकों के दिन फिरने वाले हैं क्योंकि भारी भीड़ जुटाने वाली फिल्में ही इस उद्योग की आर्थिक रीढ़ की हड्डी हैं। विगत लंबे समय से चुनाव, आईपीएल इत्यादि के कारण धंधा मंदा रहा है।
इस सूखे में भी कुछ फिल्में सफल रही हैं, जैसे ग्रीष्म में भी कई जगह बारिश हो जाती है परंतु दर्शकों में उन्माद जगाने पर ही इस व्यवसाय में दम आता है। उन्मादी प्रशंसकों के कारण सिनेमा घरों के परिसर में बने खाने पीने के ठिओं पर भी धन बरसता है। जैसे बड़े उद्योग के साथ ही कमाई की जुगत भिड़ाने वाले छोटे उद्योग पनपते हैं, वैसे ही सिनेमा उद्योग के साथ भी अनेक छोटे धंधे जुड़े हैं।
Source: Publicity Stunts - Andaz Apna Apna - Parde Ke Peeche By Jaiprakash Chouksey - Dainik Bhaskar 23rd June 2014